सामाजिक अशांति के दौरान सार्वजनिक हस्तियों के अकाउंट पर रोक लगाना
अपडेट किया गया 12 नवं 2024
यह प्रोटोकॉल सबसे पहले 30 जनवरी, 2023 को लॉन्च किया गया था
आम तौर पर जब लोग कम्युनिटी स्टैंडर्ड का उल्लंघन करते हैं, तो उन्हें कंटेंट बनाने से रोका जा सकता है, जैसे पोस्ट करने, कमेंट करने, Facebook Live का उपयोग करने या पेज बनाने से. ये मानक प्रतिबंध आम तौर पर एक दिन से लेकर 30 दिनों तक के लिए लगाए जाते हैं. इनका उद्देश्य एक तय समय के दौरान अतिरिक्त उल्लंघनों को रोकना और लोगों को भविष्य में उल्लंघन करने से रोकना होता है. हम पूरी कोशिश करते हैं कि हम उल्लंघनों की गंभीरता के हिसाब से ही प्रतिबंध लगाएँ.
बार-बार चेतावनी देने और प्रतिबंध लगाने के बावजूद हमारे कम्युनिटी स्टैंडर्ड का बार-बार उल्लंघन किए जाने पर या फिर कुछ बहुत ही गंभीर उल्लंघन होने पर, हम उन अकाउंट को बंद भी कर सकते हैं.
सार्वजनिक हस्तियाँ और सामाजिक अशांति
हिंसा की घटनाओं या सामाजिक अशांति के दौरान सार्वजनिक हस्तियों के द्वारा कंटेंट पोस्ट करने पर ऐसा हो सकता है कि हमारे मानक प्रतिबंध, उल्लंघन के हिसाब से पर्याप्त न हों या आगे और नुकसान होने से बचाने के लिए काफ़ी न हों.
हमारे प्लेटफ़ॉर्म पर अक्सर सार्वजनिक हस्तियों का लोगों पर काफ़ी ज़्यादा प्रभाव होता है, इसलिए जब वे हमारी पॉलिसी का उल्लंघन करते हैं, तो उससे बड़े पैमाने पर नुकसान पहुँचने का खतरा पैदा हो सकता है. सार्वजनिक हस्तियों से हमारा मतलब है राज्य और राष्ट्रीय स्तर के सरकारी अधिकारी, इन पदों के राजनैतिक उम्मीदवार, सोशल मीडिया पर एक मिलियन से ज़्यादा फ़ैन या फ़ॉलोअर वाले लोग और बड़ी न्यूज़ कवरेज पाने वाले लोग.
जब किसी सार्वजनिक हस्ती ने हमारी पॉलिसी का उल्लंघन इस तरह किया हो कि उससे हिंसा की जारी घटनाओं या सामाजिक अशांति को उकसावा मिलता हो या उसकी खुशी ज़ाहिर होती हो, तो उन हस्तियों के लिए उचित प्रतिबंध तय करते समय हम इन बातों पर विचार कर सकते हैं:
- उस उल्लंघन की गंभीरता और उस सार्वजनिक हस्ती के मौजूदा और पिछले उल्लंघनों सहित Facebook या Instagram पर उसकी हिस्ट्री.
- उस सार्वजनिक हस्ती का हिंसा में शामिल लोगों पर पड़ सकने वाला प्रभाव और उन लोगों से उस हस्ती का संबंध.
- उस हिंसा और उससे जुड़े जान-माल के किसी भी नुकसान की गंभीरता.
सामाजिक अशांति और जारी हिंसा के दौरान, हम ऊपर बताई गई बातों का उपयोग प्रतिबंध की सही अवधि तय करने के लिए करते हैं. यह अवधि एक महीने से लेकर 2 साल तक की हो सकती है. उल्लंघन से जुड़े ज़्यादातर मामलों में, सार्वजनिक हस्ती के कंटेंट बनाने पर एक महीने का प्रतिबंध लगा दिया जाएगा. ज़्यादा गंभीर उल्लंघनों के मामले में, जैसे किसी हमले के बाद किसी आतंकवादी समूह के बयान का लिंक शेयर करने पर, कंटेंट बनाने पर 6 या 12 महीने का प्रतिबंध लगा दिया जाएगा. जिन मामलों में उल्लंघन की गंभीरता बहुत ही ज़्यादा होगी, वहाँ हम संबंधित अकाउंट पर 2 साल का प्रतिबंध लगा देंगे.
प्रतिबंध की अवधि पूरी होने के बाद, हम विशेषज्ञों से बात करके यह पता लगाएँगे कि सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा कम हुआ है या नहीं. हम हिंसा की घटनाओं, शांतिपूर्ण रूप से एक जगह इकट्ठा होने पर लगे प्रतिबंधों और वैश्विक या सामाजिक अशांति के अन्य संकेतों सहित बाहरी कारकों का मूल्यांकन करेंगे. अगर हमें पता चलता है कि सार्वजनिक सुरक्षा को अब भी कोई गंभीर खतरा है, तो हम उस प्रतिबंध को एक तय अवधि के लिए बढ़ा देंगे और उस खतरे के दूर होने तक मूल्यांकन करते रहेंगे.
प्रतिबंध के बाद किसी सार्वजनिक हस्ती के Facebook या Instagram पर वापसी करने पर लगाई जाने वाली अन्य पेनल्टी
किसी सार्वजनिक हस्ती पर प्रतिबंध की अवधि पूरी होने और उन्हें फिर से Facebook या Instagram की एक्सेस मिलने के बाद, उन्हें अगली बार वैसा काम करने से रोकने के लिए पेनल्टी बढ़ा दी जाएगी. हालाँकि नए उल्लंघन करने पर ज़्यादातर मामलों में किसी भी तरह का कंटेंट बनाने पर एक महीने का प्रतिबंध लगाया जाएगा, लेकिन ज़्यादा गंभीर उल्लंघन होने पर प्रतिबंध 2 साल तक के लिए बढ़ जाएगा. बार-बार चेतावनी देने और प्रतिबंध लगाने के बावजूद उल्लंघन करने वाला कंटेंट लगातार पोस्ट करने वाले किसी भी अकाउंट को हम बंद भी कर सकते हैं.
कुछ कंटेंट हमारे कम्युनिटी स्टैंडर्ड का उल्लंघन नहीं करते, लेकिन उनसे वैसा जोखिम पैदा होता है जो सार्वजनिक हस्तियों के शुरुआती सस्पेंशन की वजह बना था. ऐसे कंटेंट के मामले में, हम ऐसी पोस्ट का डिस्ट्रिब्यूशन सीमित कर सकते हैं और बार-बार ऐसा होने पर हम अपने विज्ञापन टूल की एक्सेस कुछ समय के लिए बंद कर सकते हैं. इस कदम का मतलब है कि वह कंटेंट सार्वजनिक हस्ती के अकाउंट पर दिखाई देता रहेगा, लेकिन उसे लोगों को फ़ीड में नहीं दिखाया जाएगा, भले ही वे उस सार्वजनिक हस्ती को फ़ॉलो करते हों. हम ऐसी पोस्ट से फिर से शेयर करने का बटन भी हटा सकते हैं और लोगों को ऐसी पोस्ट के सुझाव देना बंद कर सकते हैं या उन्हें विज्ञापन के रूप में चलाने पर रोक लगा सकते हैं. अगर कोई सार्वजनिक हस्ती ऐसा कंटेंट पोस्ट करती है, जो कम्युनिटी स्टैंडर्ड का उल्लंघन करता है, लेकिन खबरों में रहने लायक कंटेंट से जुड़ी पॉलिसी के तहत हम यह पाते हैं कि लोगों को व्यक्ति के बयान की जानकारी होना जनहित में है और वह जनहित, संभावित नुकसान से ज़्यादा महत्वपूर्ण है, तब भी इसी तरह हम ऐसी पोस्ट का डिस्ट्रिब्यूशन सीमित कर सकते हैं, लेकिन उन्हें सार्वजनिक हस्ती के अकाउंट पर दिखाना जारी रख सकते हैं. हम ये कदम इसलिए उठा रहे हैं, क्योंकि ओवरसाइट बोर्ड ने बहुत ज़्यादा पहुँच वाले और प्रभावशाली यूज़र्स पर ज़ोर दिया है और साथ ही “Meta की कंटेंट पॉलिसी के गंभीर उल्लंघन के जवाब में ज़रूरी और सही स्तर की पेनल्टी लगाने” की Meta की भूमिका पर भी ज़ोर दिया है.
समय-समय पर किया जाने वाला रिव्यू
12 जुलाई, 2024 का अपडेट
हमारे यूज़र्स को हमारे प्लेटफ़ॉर्म पर राजनैतिक उम्मीदवारों के विचारों की जानकारी मिल सके, इसके लिए आगे से हम इस प्रोटोकॉल के तहत आने वाले सभी अकाउंट का समय-समय पर रिव्यू करके यह तय करेंगे कि क्या कम्युनिटी स्टैंडर्ड के उल्लंघनों के लिए बड़ी पेनल्टी लगाना अब भी सही है. हम ओवरसाइट बोर्ड द्वारा बताई गई “राजनैतिक अभिव्यक्ति को परमिशन देने” की हमारी ज़िम्मेदारी और “अन्य मानवाधिकारों को गंभीर जोखिमों से बचाने” की हमारी ज़िम्मेदारी की तुलना करके इस बात का फ़ैसला करेंगे.